
गाजियाबाद के साहिबाबाद में पुलिस ने वैशाली सेक्टर तीन के रीगल कैफे में चल रहे अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से आठ हुक्का प्लेट पाइप फ्लेवर्ड तम्बाकू और अन्य सामान बरामद किया है। यह हुक्का बार पुलिस चेकपोस्ट से कुछ ही दूरी पर चल रहा था। पुलिस फरार मालिक की तलाश कर रही है। आगे विस्तार से पढ़िए।
HighLights
- कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली का है मामला।
- दो गिरफ्तार, मालिक मौके से हो गया फरार।
पुलिस ने सोमवार रात को छापा मारा
कौशांबी थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। वैशाली सेक्टर तीन मेन मार्केट में रीगल कैफे में हुक्का बार चलने की सूचना मिली। पुलिस ने सोमवार रात को छापा मारा। कैफे में अंदर धुआं भरा हुआ था। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे। मौके से दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।
हुक्का बार का संचालक प्रताप विहार का रहने वाला
पुलिस ने दो कर्मचारियों खोड़ा कॉलोनी के हिमांशु रावत और मकनपुर इंदिरापुरम के आर्यन को दबोच लिया। पुलिस ने दोनों से लाइसेंस के बारे में जानकारी की तो उन्होंने बताया कि वह कर्मचारी हैं। हुक्का बार का संचालक प्रताप विहार का हिमांशु शर्मा करा रहा था। पुलिस को देखकर भीड़ में फरार हो गया। पुलिस की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस चेकपोस्ट के पास हो रहा था संचालन
जिस स्थान पर कैफे था। वह मुख्य बाजार में है। चंद कदम की दूरी पर शाप्रिक्स माल के बाहर पुलिस चेकपोस्ट भी है। इसके बाद भी अवैध हुक्का बार का संचालन हो रहा था। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पुलिस का कहना था कि आरोपित हिमांशु के पकड़े जाने पर सही पता चल सकेगा कि कितने समय से इसका संचालन हो रहा था। बताया यह भी गया कि क्षेत्र के ही एक माल में क्लब बंद होने के बाद संचालक यहां हुक्का बार चला रहा था।
पुलिस ने छापा मारकर अवैध हुक्का बार पकड़ा है। दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मालिक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। – निमिष पाटील, पुलिस उपायुक्त, ट्रांस हिंडन