
बदलापुर यौन उत्पीड़न के आरोपी अक्षय शिंदे की पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में सोमवार को गोली लगने से मौत हो गई। सोमवार शाम यह घटना मुंब्रा बाईपास के पास उस समय घटी जब अक्षय शिंदे को तलोजा जेल से ठाणे ले जाया जा रहा था। उसने एक पुलिस कर्मी की बंदूक छीन ली और उसे गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में मारा गया है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर स्थित एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपित अक्षय शिंदे की सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। अक्षय शिंदे और पुलिस के बीच उस वक्त मुठभेड़ हुई, जब उसे इलाज के लिए तलोजा जेल से ठाणे ले जाया जा रहा था।
एनकाउंटर में ढेर बदलापुर का आरोपी
बदलापुर एनकाउंटर की घटना के बाद पुलिस ने बताया कि जब आरोपी को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, उस वक्त उसने एक कांस्टेबल की बंदूक छीन ली और पुलिस अधिकारी पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में सहायक पुलिस निरीक्षक नीलेश मोरे घायल हो गए। पुलिस इंस्पेक्टर संजय शिंदे ने आखिरी गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।