
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। जिसमें हर वर्ग को लुभाने के लिए वादे किए गए हैं। महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर देने की बात कांग्रेस ने कही है। आइए पूरे घोषणा पत्र पर नजर डालते हैं।
Haryana Assembly Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में लोगों से 7 मुख्य दावे किए हैं। कांग्रेस ने हर परिवार की खुशहाली का दावा किया है। 300 यूनिट मुफ्त बिजली हर परिवार को दी जाएगी। 25 लाख तक की चिकित्सा सुविधा का लाभ परिवार को मिलेगा। वहीं, महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। 500 रुपये में सिलेंडर दिया जाएगा। विधवा महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों को हर महीने 6 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। पार्टी ने बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, केसी वेणुगोपाल और अजय माकन ने पार्टी की गारंटियों को लोगों के समक्ष पेश किया।
घोषणा पत्र में दावा किया गया है कि गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे। उसके ऊपर 2 कमरों का घर बनाने के लिए साढ़े 3 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। क्रीमी लेयर की सीमा को 10 लाख तक किया जाएगा। कांग्रेस ने वादा किया है कि फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जाएगा। वहीं, 2 लाख खाली पदों को भरे जाने का दावा भी कांग्रेस के घोषणा पत्र में किया गया है।