
सार
लखीमपुर खीरी जनपद में बाढ़ का खतरा फिर मंडराने लगा है। लगातार हो रही बारिश और बैराज से छोड़े गए पानी से शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पलिया भीरा मार्ग पर पानी बहने लगा है। शुक्रवार सुबह इस मार्ग पर पानी के तेज बहाव के कारण रोडवेज बस पलटने से बची।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में तेज बारिश और बैराज से शारदा नदी में छोड़ा गया पानी एक बार फिर पलिया–भीरा मार्ग पर पहुंच गया। शुक्रवार सुबह भीरा मार्ग पर रोडवेज बस पानी के तेज बहाव में बहकर सड़क किनारे पहुंच गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आधी बस सड़क और आधी नीचे लटक गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं। आनन-फानन सभी यात्री नीचे उतरे। जिला प्रशासन ने इस मार्ग से आवागमन रोक दिया है।
पहाड़ों पर और तराई क्षेत्र में भारी बारिश के बाद बनबसा बैराज से सुबह 10 बजे तक करीब दो लाख 58 हजार क्यूसेक पानी शारदा नदी में रिलीज किया जा चुका है। जिसके चलते पलिया-भीरा मार्ग पर पानी बहने लगा है। सड़क पर करीब डेढ़ फुट से अधिक पानी बह रहा है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सवारियों को लेकर पलिया आ रही रोडवेज बस पानी से गुजरते समय अनियंत्रित हो गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, केवल सड़क के किनारे लटक गई थी।
कई गांवों में बाढ़ का खतरा
प्रशासन ने पलिया भीरा मार्ग पर आवागमन भी बंद करा दिया है। इसके अलावा गोविंदनगर, भानपुरी खजुरिया में बाढ़ की आशंका के चलते लोगों को ऊंचे स्थान पर जाने के लिए कहा है। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि वह लगातार बनबसा बैराज के संपर्क में हैं और 2.58 लाख क्यूसेक पानी रिलीज होने के बाद दोपहर बाद तक इसके आने की संभावना है। जिसके चलते गोविंदनगर, भानपुरी खजुरिया के ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा गया है। टीमों को फिर सक्रिय करते हुए क्षेत्र में नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।